Tuesday, April 28, 2026
Home Breaking नहर में दर्दनाक हादसा: बेटी को तैरना सिखाते वक्त बहा पिता, बच्ची...

नहर में दर्दनाक हादसा: बेटी को तैरना सिखाते वक्त बहा पिता, बच्ची की तलाश जारी

10
Oplus_16908288

The Duniyadari: बालोद जिले में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जब तांदुला नहर में नहाने के दौरान एक पिता और .उसकी नाबालिग बेटी तेज बहाव में बह गए। यह हादसा पीपरछेड़ी क्षेत्र के पास करीब दोपहर 12 बजे हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

जानकारी के मुताबिक, धोबनपुरी निवासी 35 वर्षीय यमन गंजीर अपनी 12 साल की बेटी पल्लवी को नहर में तैरना सिखा रहे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और देखते ही देखते दोनों धारा में बह गए। घटना के समय पास में मौजूद एक अन्य बच्ची दामिनी भी पानी की चपेट में आ गई थी, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता से उसे समय रहते बचा लिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हालात को देखते हुए तांदुला और गंगरेल बांध से छोड़े जा रहे पानी के प्रवाह को अस्थायी रूप से कम किया गया, ताकि राहत कार्य में बाधा न आए।

कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर यमन गंजीर का शव बरामद कर लिया, जबकि उनकी बेटी पल्लवी का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। रेस्क्यू टीम लगातार नहर के अलग-अलग हिस्सों में तलाश अभियान चला रही है।

बताया जा रहा है कि यमन गंजीर बालोद जिला अस्पताल में 108 एम्बुलेंस सेवा के तहत इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) के पद पर कार्यरत थे। हाल ही में उनका तबादला बालोद हुआ था और वे पिछले एक महीने से यहां अपनी सेवाएं दे रहे थे।

इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि नहर में पानी का स्तर और बहाव अचानक बढ़ जाना आम बात है, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है।

फिलहाल प्रशासन द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग लापता बच्ची के जल्द मिलने की दुआ कर रहे हैं।