The Duniyadari: Raipur– सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करना एक वाहन चालक को भारी पड़ गया। शहर में एक व्यक्ति द्वारा एक्टिवा पर छोटी बच्ची को असुरक्षित तरीके से बैठाकर वाहन चलाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 हजार रुपये का चालान काटा है।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में सामने आई तस्वीरों एवं खबरों के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने मामले की जांच की। जांच में पाया गया कि चालक दोपहिया वाहन पर बच्ची को उल्टी दिशा में बैठाकर सड़क पर सफर कर रहा था, जिससे उसकी सुरक्षा को गंभीर खतरा था। इसे यातायात नियमों का उल्लंघन मानते हुए पुलिस ने संबंधित वाहन मालिक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दोपहिया वाहन पर बच्चों को सुरक्षित तरीके से बैठाना और हेलमेट सहित सभी सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर लापरवाही न बरतें और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।















