The Duniyadari: राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक जवान की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच फंसने लगा। तभी ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ प्रधान आरक्षक राजेंद्र रायकवार ने बिना देर किए दौड़ लगाकर यात्री को सुरक्षित बाहर खींच लिया।
यह घटना 8 जुलाई को उस समय हुई जब गाड़ी संख्या 12101 स्टेशन से रवाना हो रही थी। ट्रेन चलने के बाद यात्री ने जल्दबाजी में दोबारा डिब्बे में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पैर फिसलने से वह दुर्घटना का शिकार होने ही वाला था। कुछ ही सेकंड में आरपीएफ जवान की सतर्कता ने उसकी जान बचा ली।
बचाए गए यात्री की पहचान झारसुगुड़ा निवासी 52 वर्षीय बृजेश सकुनिया के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर एक जरूरी काम से उतरने के बाद ट्रेन छूटती देख जल्दबाजी में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ गया। उन्होंने आरपीएफ जवान का आभार जताते हुए कहा कि उनकी फुर्ती और साहस के कारण उन्हें नया जीवन मिला।
रेलवे अधिकारियों ने इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ अभियान का सफल उदाहरण बताया। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी आरपीएफ जवानों को ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित किया जाता है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। यदि ट्रेन छूट जाए तो अगली ट्रेन का इंतजार करें या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त करें।















