Saturday, August 22, 2026
Home Breaking होटल में पुलिस जांच के दौरान हंगामा, संचालक पर हुई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

होटल में पुलिस जांच के दौरान हंगामा, संचालक पर हुई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

45

The Duniyadari: Raigarh- जिले में होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने शहर के एक होटल में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सुरक्षा संबंधी खामियां मिलने पर संचालक को सुधार के निर्देश दिए गए, लेकिन कथित तौर पर पुलिस दल से अभद्रता और विरोध करने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साइबर सेल और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल व्हाइट रोज का निरीक्षण किया। इस दौरान आगंतुकों का रिकॉर्ड, आवश्यक दस्तावेज, सुरक्षा प्रबंध और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, निरीक्षण में कुछ आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया, जिसके बाद होटल संचालक सूरज सिंह को कमियां दूर करने की सलाह दी गई।

पुलिस का आरोप है कि समझाइश के दौरान संचालक ने सहयोग करने के बजाय पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी और उनका व्यवहार आक्रामक हो गया। स्थिति बिगड़ने पर उसे कोतवाली थाना लाया गया, जहां भी उसका रवैया नहीं बदला।

कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत उसे गिरफ्तार कर धारा 126 और 135(3) के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों की नियमित जांच जारी रहेगी। सुरक्षा नियमों की अनदेखी, संदिग्ध गतिविधियों या पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।