Saturday, June 27, 2026
Home Breaking चलती बस रोककर चालक से बदसलूकी, बेल्ट दिखाकर दी धमकी; वीडियो वायरल...

चलती बस रोककर चालक से बदसलूकी, बेल्ट दिखाकर दी धमकी; वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

10
Oplus_16908288

The Duniyadari: कवर्धा- जिले में बीच सड़क पर एक यात्री बस को रोककर चालक के साथ अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक बस चालक से गाली-गलौज करते और बेल्ट लहराकर उसे डराते-धमकाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता और नाराजगी बढ़ गई है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब 6 बजे मुंगेली से पंडरिया की ओर आ रही एक पैसेंजर बस को पंडरिया-मुंगेली मार्ग पर हिसार पेट्रोल पंप के पास तीन युवकों ने रोक लिया। तीनों के ग्राम रेहुटा या आसपास के क्षेत्र का निवासी होने की बात कही जा रही है। आरोप है कि युवकों ने बस को काफी देर तक सड़क पर खड़ा रखा और चालक के साथ दुर्व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

उस समय बस में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और बीमार यात्री समेत कई लोग सवार थे। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। बस के सड़क पर रुकने से कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन को बीच रास्ते में रोककर इस तरह की गुंडागर्दी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा को भी गंभीर खतरे में डालने वाली घटना है।