The Duniyadari: गाजियाबाद के मेरठ रोड स्थित नंदग्राम तिराहे के पास शनिवार सुबह एक स्कूल बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और इलाके में काले धुएं का घना गुबार फैल गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस में कोई छात्र मौजूद नहीं था।
जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली पब्लिक स्कूल गाजियाबाद (DPSG) की थी। आग लगते ही चालक ने तुरंत बस रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। समय रहते बस खाली होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम दो फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अधिकारियों के मुताबिक बस में सीएनजी किट लगी हुई थी, लेकिन आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
घटना के चलते मेरठ रोड पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। आग की लपटें और उठता धुआं देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। फिलहाल दमकल और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।















