The Duniyadari : दिल्ली। छठ महापर्व के मौके पर यमुना नदी की सफाई को लेकर दिल्ली में सत्तारूढ़ बीजेपी और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच राजनीति गर्माई हुई है। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार से चुनौती दी थी कि यदि यमुना वास्तव में साफ है तो बीजेपी विधायक पानी पीकर दिखाएं।
इस चुनौती का जवाब देते हुए पटपड़गंज के बीजेपी विधायक रवि नेगी यमुना घाट पहुंचे। लेकिन वहां उनका पैर फिसल गया और वे नदी में गिर गए। बाद में नेगी ने स्वयं डुबकी लगाकर बाहर आए। इस घटना का वीडियो साझा करते हुए सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी पर तंज कसते हुए लिखा कि “बीजेपी विधायक की बहुत सुंदर डुबकी, आपके झूठ से मां यमुना नाराज़ है।”
दरअसल, सौरभ भारद्वाज ने छठ पूजा से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बीजेपी नेताओं को चुनौती दी थी कि यदि यमुना सच में स्वच्छ है, तो इसके पानी को पीकर दिखाएं। इस पर रवि नेगी DND यमुना घाट पहुंचे, जहां उनका पैर फिसलने की घटना हुई।
इस बीच, दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना सफाई को लेकर कई दावे किए हैं। उन्होंने कहा कि कालिंदी कुंज घाट पर पर्यावरण अनुकूल केमिकल्स का उपयोग कर झाग को कम किया गया है, ताकि महिलाएं स्वच्छ वातावरण में पूजा कर सकें। AAP ने इन्हें झूठा प्रचार करार देते हुए फर्जीवाड़ा बताया है।
सौरभ भारद्वाज ने पहले भी एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें रवि नेगी यमुना का पानी पीते दिखाई दे रहे थे। इसके साथ उन्होंने लिखा कि पानी पीने की बजाय गिरा रहे हैं, क्योंकि अपनी सेहत की चिंता है, लेकिन गरीब पूर्वांचली बच्चों की चिंता नहीं है।
यमुना सफाई के मुद्दे पर दिल्ली में बीजेपी और AAP आमने-सामने हैं। बीजेपी सफाई का दावा कर रही है, जबकि AAP का आरोप है कि नदी दूषित है और छठ पूजा से पहले यह गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकती है।




























