The Duniyadari: Raipur- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बुधवार को 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे घोषित कर दिए।
10वीं कक्षा में इस वर्ष करीब 3 लाख 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 77.15 प्रतिशत छात्र सफल रहे।
परिणाम घोषित होते ही प्रदेशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल देखा गया।
मेरिट सूची की बात करें तो टॉप-10 में कुल 42 छात्र-छात्राओं ने जगह बनाई है। खास बात यह रही कि महासमुंद जिले के सरायपाली स्थित एकलव्य इंग्लिश स्कूल, अर्जुंदा के विद्यार्थियों का इस बार दबदबा देखने को मिला। इस स्कूल के 7 छात्रों ने मेरिट लिस्ट में स्थान हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया।
टॉप स्थान पर तीन छात्रों ने संयुक्त रूप से बाजी मारी। इनमें एकलव्य इंग्लिश स्कूल की संध्या नायक, एकलव्य इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल बालोदा की परीरानी प्रधान और लोरमी के न्यू जनरेशन पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल के अंशुल शर्मा शामिल हैं। संध्या नायक ने 600 में से 594 अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वहीं इसी स्कूल की रानू सिद्धमयी साहू और रेणुका प्रधान ने 593-593 अंक के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा चाहत चौधरी ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर सातवां स्थान अपने नाम किया।
इस बार के परिणाम में ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिससे यह साफ है कि संसाधनों की कमी के बावजूद मेहनत और लगन से सफलता हासिल की जा सकती है।















