The Duniyadari: KORBA मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Chief Minister Vishnu Deo Sai) की पहल पर नगर पालिक निगम कोरबा में 1 मई से सुशासन तिहार-2025 की शुरुआत होने जा रही है। निगम क्षेत्र के सभी 7 जोन में क्रमवार शिविर लगाए जाएंगे। पहला शिविर 7 मई को कोरबा जोन कार्यालय में सुबह 11 से शाम 4 बजे तक चलेगा।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शिविरों के लिए आदेश जारी कर दिए हैं। हर जोन के लिए कार्यपालन अभियंता और सहायक अभियंता स्तर के अधिकारियों को प्रभारी बनाया गया है। इन्हें कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और सभी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
*क्या होगा सुशासन तिहार में?*
इन शिविरों में शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ बांटा जाएगा। आम लोग राशन कार्ड, पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नल कनेक्शन, भवन अनुज्ञा जैसी समस्याओं के आवेदन दे सकेंगे। निगम का दावा है कि हर आवेदन का निराकरण अधिकतम 1 महीने में कर आवेदक को सूचना भी दी जाएगी।
*जोनवार शिविर का शेड्यूल:*
1. कोरबा जोन – 07 मई
2. टी.पी.नगर जोन – 11 मई
3. कोसाबाड़ी जोन – 13 मई
4. पं.रविशंकर शुक्लनगर जोन – 15 मई
5. बालको जोन – 20 मई
6. दर्री जोन – 22 मई
7. सर्वमंगलानगर जोन – 25 मई
*17 विभागों के लगेंगे काउंटर*
निगम के साथ राजस्व, खाद्य, महिला-बाल विकास, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, आदिवासी विकास, क्रेडा, उद्यान, कृषि, बिजली विभाग, समाज कल्याण, डूडा, परिवहन, ई-गवर्नेंस समेत 17 विभागों के स्टॉल लगेंगे। हर विभाग अपने से जुड़े आवेदन लेगा और समय-सीमा में कार्रवाई करेगा।
नोडल अधिकारी अपर आयुक्त विनय मिश्रा और सहायक नोडल अधिकारी उपायुक्त पवन वर्मा ने बताया कि शिविर सुबह 11 से शाम 4 बजे तक चलेंगे। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि आवेदकों को भटकना न पड़े और एक ही छत के नीचे समाधान मिले।















