Wednesday, April 29, 2026
Home Breaking कोरबा में NH पर रात 2 बजे ट्रेलर ड्राइवर से लूट, QR...

कोरबा में NH पर रात 2 बजे ट्रेलर ड्राइवर से लूट, QR कोड से भी कराए पैसे ट्रांसफर, बांगो पुलिस ने बिलासपुर के 2 आरोपी दबोचे

14
Oplus_16908288

The Duniyadari: कोरबा-  “सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के बीच बांगो थाना पुलिस ने हाईवे लूट का खुलासा किया है। हसदेव नदी के पास ट्रेलर रोककर खड़े ड्राइवर को बोलेरो सवार दो बदमाशों ने अगवा कर 9500 रुपये लूट लिए। पुलिस ने 48 घंटे में दोनों आरोपियों को बिलासपुर से पकड़ लिया। वारदात में इस्तेमाल बोलेरो और लूटी गई रकम में से 800 रुपये भी बरामद हुए हैं।

गढ़वा के रहने वाले ट्रेलर चालक सलमान अंसारी 26 अप्रैल की रात अंबिकापुर से कोयला लोड कर रायपुर जा रहे थे। रात करीब 2 बजे हसदेव नदी के पास ट्रेलर का प्रेशर डाउन हो गया। ड्राइवर ने साइड में गाड़ी खड़ी की, तभी बिना नंबर की सफेद बोलेरो से दो युवक पहुंचे। कागजात पूछने के बहाने गाली-गलौज की और चाकू की नोक पर सलमान को अपनी गाड़ी में खींच लिया।

आरोपियों ने ड्राइवर की जेब से 7000 रुपये नकद और पर्स से 800 रुपये निकाल लिए। इतने में मन नहीं भरा तो मोबाइल लेकर क्यूआर कोड स्कैन करवा 1200 रुपये और 500 रुपये अलग-अलग ट्रांजैक्शन से खाते में डलवा लिए। कुल 9500 रुपये लूटकर दोनों फरार हो गए।

पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना बांगो में अपराध क्रमांक 77/2026 दर्ज हुआ। एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर एएसआई नरेंद्र डिसेना की टीम ने टेक्निकल इनपुट और मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की। 28 अप्रैल को दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।

*गिरफ्तार आरोपी:*

1. रौनक सिंह, 20 साल, निवासी तिफरा विद्युतनगर, सिरगिट्टी, बिलासपुर

2. कुनाल रजक, 19 साल, निवासी तिफरा विद्युतनगर, सिरगिट्टी, बिलासपुर

पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने बोलेरो जब्त कर ली है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में आरक्षक जयप्रकाश यादव और रामगोपाल साहू की अहम भूमिका रही।

कोरबा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रात में सुनसान जगह वाहन खराब होने पर 112 डायल करें। किसी भी संदिग्ध गाड़ी या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें।