जगदलपुर: कांग्रेस विधायक की पत्नी ने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, आईसीयू में भर्ती, हालत स्थिर

29

The Duniyadari : कोरबा:जगदलपुर में मंगलवार सुबह एक गंभीर और चिंताजनक घटना सामने आई। बस्तर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी सुमित्रा बघेल (उम्र 51 वर्ष) ने अपने स्टेट बैंक चौक स्थित आवास पर खुद को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने धारदार हथियार से शरीर पर वार किया, जिससे हाथ, पेट और गले में गंभीर जख्म आए और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।

परिजनों द्वारा तत्काल उन्हें जिला चिकित्सालय महारानी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद ने बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और खतरे से बाहर बताई जा रही है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुमित्रा बघेल पिछले कुछ महीनों से मानसिक रूप से परेशान थीं। बताया गया कि कुछ समय पहले उनकी माता का निधन हुआ था, जिसके बाद से वे गहरे तनाव में थीं और स्वास्थ्य भी ठीक नहीं चल रहा था। घटना सुबह करीब सात बजे की है। उस समय विधायक लखेश्वर बघेल घर पर ही मौजूद थे। जब वे एक कमरे में गए तो बाथरूम के पास सुमित्रा अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। बिना देरी किए वे उन्हें निजी वाहन से अस्पताल लेकर पहुंचे।

घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और परिचित अस्पताल पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। सुमित्रा बघेल पेशे से शिक्षिका हैं। परिजनों ने बताया कि उनकी स्थिति में सुधार है, हालांकि बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

शहर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर प्रारंभिक जानकारी जुटाई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।