Thursday, August 13, 2026
Home कोरबा जनगणना ड्यूटी का शिक्षकों को कर्तव्य प्रमाण-पत्र जारी करने की मांग, आयुक्त...

जनगणना ड्यूटी का शिक्षकों को कर्तव्य प्रमाण-पत्र जारी करने की मांग, आयुक्त ने दिया शीघ्र निर्णय का आश्वासन

10

The Duniyadari: कोरबा। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य ग्रीष्मावकाश की अवधि में पूरी निष्ठा एवं तत्परता से संपन्न कराने वाले शिक्षकों को उनके द्वारा किए गए कार्य के एवज में अर्जित अवकाश का लाभ दिलाने हेतु छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन द्वारा कर्तव्य प्रमाण-पत्र जारी करने की मांग उठाई गई है।

इसी संबंध में फेडरेशन के प्रदेश महामंत्री विपिन यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त महोदय से मुलाकात कर आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में उल्लेख किया गया कि जिले के सैकड़ों प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण में प्रगणक एवं पर्यवेक्षक के रूप में ग्रीष्मावकाश की अवधि में अपनी ड्यूटी का निर्वहन करते हुए मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य पूर्ण किया है।

शिक्षा विभाग द्वारा ग्रीष्मावकाश अवधि में किए गए कार्य के एवज में शिक्षकों को अर्जित अवकाश का लाभ प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इसके लिए संबंधित शिक्षकों को कर्तव्य प्रमाण-पत्र की आवश्यकता है। फेडरेशन ने मांग की है कि जनगणना कार्य में निष्ठापूर्वक ड्यूटी करने वाले सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को नियमानुसार कर्तव्य प्रमाण-पत्र जारी करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए जाएं, ताकि उन्हें उनके अधिकार के अनुसार अर्जित अवकाश का लाभ मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त महोदय को अन्य जिलों में जारी किए गए कर्तव्य प्रमाण-पत्रों के उदाहरण एवं पूर्व में प्रस्तुत आवेदन की छायाप्रतियां भी उपलब्ध कराईं। इस दौरान फेडरेशन ने शिक्षकों के हित में प्रकरण का शीघ्र निराकरण करने का आग्रह किया।

आयुक्त महोदय ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि प्रकरण का परीक्षण कर इस संबंध में जल्द से जल्द आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल द्वारा आज उपजिला जनगणना अधिकारी से भी मुलाकात कर जिला स्तर पर कर्तव्य प्रमाण पत्र जारी करने हेतु मांग की गई।

आज इस कार्यक्रम में फेडरेशन के श्री तरुण वैष्णव, श्री नोहर चंद्रा, श्री विनोद साण्डे, श्री अशोक राठिया, श्री विनय शुक्ला, श्री जय राठौर एवं संघ के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शिक्षकों के जायज अधिकारों एवं हितों के लिए संगठन आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास करता रहेगा।