जल जीवन मिशन में तेजी के लिए बड़े प्रशासनिक फैसले, 34 अधिकारियों के तबादले

7

The Duniyadari : रायपुर। राज्य सरकार ने जल जीवन मिशन के कार्यों में गति लाने और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव के निर्देश पर विभाग में वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में व्यापक फेरबदल किया गया है।

इस क्रम में राज्य कार्यालय, जल जीवन मिशन मुख्यालय और मैदानी इकाइयों में पदस्थ कुल 34 अधिकारियों के स्थानांतरण अथवा दायित्व परिवर्तन के आदेश जारी किए गए हैं। साथ ही, मैदानी कार्यों को मजबूत करने के लिए 26 उप अभियंताओं को सहायक अभियंता के पद पर पदोन्नत किया गया है।

मैदानी कार्यों में कसावट लाने के उद्देश्य से दोहरे प्रभार पर कार्यरत अधीक्षण अभियंता संजीव बृजपुरिया को उनके ओएसडी पद से मुक्त कर दिया गया है। अब वे केवल दुर्ग मंडल के अधीक्षण अभियंता के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। वहीं, कार्यों में लापरवाही और रिपोर्टिंग में त्रुटियों के चलते पहले निलंबित किए गए 6 कार्यपालन अभियंताओं को बहाल करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

इसी बीच, जल जीवन मिशन के कार्यों में गंभीर अनियमितता और सक्षम अनुमति के बिना सामग्री परिवर्तन के मामले को सख्ती से लेते हुए रायपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं, जिसमें एक माह के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

कई वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

राज्य शासन ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रभारी प्रमुख अभियंता ओंकेश चंद्रवंशी को जल जीवन मिशन के अतिरिक्त मिशन संचालक का अतिरिक्त दायित्व सौंपा है। मंत्रालय में ओएसडी के रूप में पदस्थ मुख्य अभियंता के.के. मरकाम को रायपुर परिक्षेत्र का मुख्य अभियंता बनाया गया है।

जगदलपुर परिक्षेत्र में जी.एल. लखेरा को प्रभारी मुख्य अभियंता की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि अधीक्षण अभियंता राजेन्द्र कुमार शुक्ला को कोंडागांव मंडल भेजा गया है।

इसके अलावा जल जीवन मिशन से जुड़े अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी राज्य और मैदानी स्तर पर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। विभाग ने 22 कार्यपालन अभियंताओं और 3 सहायक अभियंताओं के स्थानांतरण आदेश भी जारी किए हैं।

26 उप अभियंता बने सहायक अभियंता

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 26 उप अभियंताओं (सिविल) को पदोन्नत कर सहायक अभियंता (सिविल) बनाया गया है। इनमें गुणेश कुमार पानीग्रही, सरोतन सिंह पैंकरा, रवि प्रकाश जोशी, प्रणेश कुमार रामटेके, प्रकाश सिंह ठाकुर, गुलाब सिंह चौहान, दौलत राम बंजारे, अमित कुमार मिश्रा, अशोक कुमार राज, कौशल कुमार नेताम, विशाल गेडाम, कृष्णमूर्ति, पवन कुमार अग्रवाल, अमित राय, आलोक मंडल, अंजू साहू, रीना सिंह, सुभ्रा बघेल एवं के. सुनीता शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त सात उप अभियंताओं को परिभ्रमण से मुक्त कर सहायक अभियंता के पद पर पदोन्नति दी गई है।

6 कार्यपालन अभियंताओं की बहाली

जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यों में लापरवाही और त्रुटिपूर्ण रिपोर्टिंग के कारण निलंबित किए गए 6 कार्यपालन अभियंताओं को बहाल करने का निर्णय लिया गया है। इनमें जगदीश कुमार, उत्तर कुमार राठिया, चन्द्रबदन सिंह, एस.पी. मंडावी, जे.एल. महला और रूपेश कुमार धनंजय शामिल हैं।