Tuesday, October 20, 2026
Home छत्तीसगढ़ जांजगीर-चांपा : आधी रात घर में घुसे चोर, बेटी की सूझबूझ से...

जांजगीर-चांपा : आधी रात घर में घुसे चोर, बेटी की सूझबूझ से खुला राज, दो आरोपी गिरफ्तार

197

The Duniyadari : जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में आधी रात हुई चोरी की वारदात को पुलिस ने कुछ ही दिनों में सुलझा लिया। देवांगन मोहल्ले में रहने वाले एक परिवार के घर में मंगलवार रात करीब 1.45 बजे दो युवक दीवार फांदकर भीतर घुस गए। परिवार सो रहा था, तभी घर की बेटी की नींद खुली और उसने संदिग्ध हरकत देखते ही तेज आवाज में चोरों का शोर मचा दिया।

शोर सुनते ही घरवाले जागे। एक आरोपी को छत के रास्ते से भागते देखा गया, जबकि उसका साथी बाहर निगरानी करता हुआ मौके से फरार हो गया। परिवार ने सुबह घर की जांच की तो अलमारी में रखी पैंट की जेब से करीब 22 हजार रुपये नकद गायब मिले।

सूचना मिलते ही बलौदा थाना पुलिस जांच में जुट गई। आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिनमें देर रात दो संदिग्ध युवक घूमते हुए नजर आए। फुटेज के आधार पर पहचान की गई और पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम करण सिंह मरकाम और प्रदीप यादव बताए गए हैं। पूछताछ में उन्होंने अपराध करना कबूल कर लिया। दोनों के पास से 3 हजार रुपये पुलिस ने जब्त किए, जबकि बाकी रकम खर्च कर देने की बात उन्होंने स्वीकार की।