The Duniyadari: सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बरमकेला तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड रूम सहित विभिन्न शाखाओं का अवलोकन कर दस्तावेजों के सुव्यवस्थित संधारण और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने तहसीलदार पुष्पेंद्र कुमार राज के कक्ष समेत अन्य विभागों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति और राजस्व मामलों के निपटारे की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन की योजनाओं तथा राजस्व संबंधी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कार्यालय परिसर के पीछे स्थित बंजर भूमि में आयोजित बीज उत्सव कार्यक्रम में भी शामिल हुईं। कार्यक्रम के तहत पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से बीज रोपण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सीड बॉल का रोपण कर अधिक से अधिक हरियाली विकसित करने का संदेश दिया।
कलेक्टर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे प्रयास भविष्य में हरित आवरण बढ़ाने और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, तहसीलदार पुष्पेंद्र कुमार राज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।















