The Duniyadari: एमसीबी– मनेंद्रगढ़ वन मंडल के कुवांरपुर रेंज में तेंदुए के हमले से सनसनी फैल गई। डोंगरी टोला (चाँटी) गांव में देर रात एक तेंदुआ घर में घुस आया और सो रहे बुजुर्ग को खींचकर जंगल ले गया। सुबह गांव से कुछ दूर बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव मिला।
मृतक की पहचान बोड्डा पिता कुंवारे के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है। परिजन और ग्रामीण रातभर टॉर्च लेकर जंगल में तलाश करते रहे, लेकिन अंधेरा और घना जंगल होने से कामयाबी नहीं मिली। सुबह दोबारा खोजबीन पर शव बरामद हुआ।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से इलाके में तेंदुए की मौजूदगी थी। मवेशियों पर हमले की घटनाएं भी हो चुकी थीं। इसके बावजूद वन विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई। लोगों का कहना है कि समय पर निगरानी और रेस्क्यू होता तो बुजुर्ग की जान बच सकती थी।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ पकड़ा जाए तभी वे सुरक्षित महसूस करेंगे।
सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। टीम तेंदुए की ट्रैकिंग कर रही है और आसपास के जंगलों में गश्त बढ़ा दी गई है। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी भी चल रही है।















