The Duniyadari: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही– पेंड्रा नगर में मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार पिता और उनके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुडकई गांव निवासी परिवार स्कूटी से पेंड्रा की ओर जा रहा था। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर एक ट्रेलर ने तेज गति में ओवरटेक करने का प्रयास किया और स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और डायल-112 को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद पिता और बेटे को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल महिला का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस चालक की जिम्मेदारी तय करने और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है। वहीं, इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर सख्त नियंत्रण की मांग की है।













