The Duniyadari: पेंड्रा। बिलासपुर रेल मंडल के टेंगनमाढ़ा रेलवे स्टेशन के मुख्य रेल ट्रैक पर मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि शव कई हिस्सों में बिखर गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुजर रही ट्रेन के लोको पायलट ने ट्रैक पर शव दिखाई देने की सूचना स्टेशन प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी पेंड्रारोड की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने ट्रैक पर बिखरे शव के हिस्सों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच के दौरान मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज, मोबाइल फोन या अन्य सामान नहीं मिला। पुलिस के अनुसार युवक ने केवल नीले रंग की जींस पहन रखी थी, जिससे उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
जीआरपी ने अज्ञात मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि इस हुलिये का कोई युवक लापता हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।












