The Duniyadari: धमतरी- जिले के भखारा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में किसान की मौत हो गई। रीवागहन गांव निवासी लाला राम हार्वेस्टर की चपेट में आ गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
*चढ़ाव पर फंसी थी हार्वेस्टर*
जानकारी के मुताबिक लाला राम हार्वेस्टर से काम निपटाकर घर लौट रहा था। डबरी पार के पास चढ़ाव में हार्वेस्टर फंस गई। मशीन को देखने के लिए लाला नीचे उतरा। इसी दौरान हार्वेस्टर अचानक रिवर्स हो गई और लाला उसके नीचे दब गया।
*अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित*
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने लाला को गंभीर हालत में धमतरी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही भखारा पुलिस अस्पताल पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में हादसा मानकर कार्रवाई की जा रही है।















