The Duniyadari: कोलकाता– तिलजला इलाके की एक अवैध चमड़ा फैक्ट्री में मंगलवार को लगी भीषण आग के बाद फायर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में प्रगति मैदान फायर स्टेशन के प्रभारी अधिकारी गौतम दास को निलंबित कर दिया गया है।
*DG फायर ने जारी किया नोटिफिकेशन*
राज्य के फायर और इमरजेंसी सेवाओं के डीजी ने गुरुवार को नोटिफिकेशन जारी किया। इसमें कहा गया कि प्रगति मैदान फायर स्टेशन पर आग से सुरक्षा कानूनों की निगरानी और निरीक्षण में गंभीर लापरवाही बरती गई। गौतम दास के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है, जिसे एक महीने में पूरा करना है। निलंबन अवधि में दास बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।
*कैसे हुआ हादसा*
मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे टॉप्सिया के 50/1 जीजे खान रोड स्थित बहुमंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर चल रही चमड़ा फैक्ट्री में आग लग गई। आग तेजी से फैली और 5 लोग अंदर फंस गए। दमकल ने सभी को झुलसी हालत में निकाला और कलकत्ता नेशनल मेडिकल कॉलेज भेजा। डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया, तीन की हालत गंभीर है।
*30 घंटे में गिरा दी अवैध फैक्ट्री*
घटना के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने फैक्ट्री को अवैध बताया और गिराने का आदेश दिया। 30 घंटे के अंदर बुलडोजर से फैक्ट्री ध्वस्त कर दी गई। सुरक्षा के लिए पुलिस और केंद्रीय बल तैनात रहे। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक जफर निसार को गिरफ्तार कर लिया है।
*CM बोले- बिल्डिंग प्लान तक नहीं था*
जांच समिति की रिपोर्ट के बाद CM सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि तिलजला की फैक्ट्री के पास कोई बिल्डिंग प्लान नहीं था। आग से बचाव के सामान्य उपाय भी मौजूद नहीं थे। फैक्ट्री पूरी तरह अवैध रूप से चल रही थी।















