The Duniyadari: धमतरी- शहर के पुराना मंडी इलाके में रविवार देर रात एक टायर दुकान में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई। घटना में दुकान के भीतर रखा टायर, मशीनरी और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी और अंदर रखा अधिकांश सामान राख में तब्दील हो गया।
राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों तक लपटें नहीं पहुंचीं और एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में दुकान संचालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं तथा आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।















