The Duniyadari: Dhamtari
अस्पताल प्रबंधन ने लैब संचालक संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भविष्य में जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की तकनीकी या गुणवत्ता संबंधी त्रुटि दोबारा न हो। इसके लिए राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों (NQAS) और प्रयोगशाला प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने, मशीनों का नियमित क्वालिटी कंट्रोल, कैलिब्रेशन, आंतरिक गुणवत्ता परीक्षण तथा रिपोर्ट जारी करने से पहले अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके अलावा लैब में कार्यरत तकनीकी और विशेषज्ञ कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने, जांच प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने और आवश्यकता पड़ने पर आंतरिक ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि मरीजों को सटीक, पारदर्शी और भरोसेमंद जांच सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि जांच में लापरवाही, गुणवत्ता मानकों की अनदेखी या अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला चिकित्सालय ने आमजन को भरोसा दिलाया है कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से जुड़े हर मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच की जाती है। मरीजों के हितों की रक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए अस्पताल प्रशासन नियमित निगरानी और समीक्षा की प्रक्रिया जारी रखेगा।















