The Duniyadari: Raipur पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में लंबित वारंटों की तामील के लिए सोमवार और मंगलवार को विशेष अभियान चलाया गया। डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला की निगरानी में चलाए गए इस अभियान में लंबे समय से फरार वारंटियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों ने लगातार कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से कई ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो लंबे समय से गिरफ्तारी से बचते आ रहे थे। इसके साथ ही परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 से जुड़े मामलों में जारी वारंटों पर भी प्रभावी कार्रवाई की गई।
सिविल लाइन, तेलीबांधा, देवेंद्रनगर, कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा और गंज थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 86 स्थायी वारंट और 57 गिरफ्तारी वारंट समेत 143 वारंटों का निष्पादन किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की कार्रवाई से न्यायालय के आदेशों का समय पर पालन सुनिश्चित होता है और अपराधियों में कानून का भय बना रहता है। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी से अपराधों की पुनरावृत्ति पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकता है।
पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।















