The Duniyadari: Raipur– कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनी सड़क के धंसने के मामले में राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सड़क की गुणवत्ता जांचने के लिए कोर कटिंग सहित विभिन्न तकनीकी परीक्षण कराए गए। जांच में सामने आया कि सड़क की संरचना निर्धारित मानकों के अनुरूप थी, लेकिन क्षमता से कई गुना अधिक वजन वाले वाहनों की आवाजाही और शोल्डर निर्माण में तकनीकी कमियों के कारण सड़क को नुकसान पहुंचा।
मामले को गंभीर मानते हुए विभाग ने संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। वहीं निर्माण कार्य की निगरानी में लापरवाही पाए जाने पर सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे. रितेश नायडू को तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया गया है। कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार ठाकुर के निलंबन के लिए भी शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
जांच में यह भी पाया गया कि सड़क के किनारों (शोल्डर) का संपीड़न तय मानकों से कम था और पुलिया के एप्रोच पर बैकफिलिंग कार्य भी तकनीकी मानकों के अनुसार नहीं किया गया। बारिश के दौरान इसी वजह से पानी सड़क की निचली परत तक पहुंच गया, जिससे सड़क का आधार कमजोर होकर धंस गया।
सचिव भीम सिंह ने क्षतिग्रस्त हिस्से को पूरी तरह हटाकर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनी इस सड़क पर ओवरलोड वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की घोषणा की गई है। इसके लिए परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से निगरानी और कार्रवाई करेंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।















