The Duniyadari: बेमेतरा- नगर पंचायत दाढ़ी के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) रमेश कुमार ध्रुव को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच में विभिन्न मामलों में अनियमितता और कर्तव्यहीनता के संकेत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर संबंधित शिकायतों की जांच कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने पर कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने पूरा मामला शासन को भेजा, जिसके आधार पर विभाग ने निलंबन आदेश जारी किया।
जांच के दौरान नगर पंचायत दाढ़ी के वार्ड क्रमांक 11 में निर्मित सीसी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठे। तकनीकी परीक्षण में सड़क की मोटाई निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। इसके अलावा कार्यालय परिसर में अनुशासनहीनता से जुड़ी शिकायतों की भी जांच की गई।
विभागीय जांच में यह भी सामने आया कि वरिष्ठ अधिकारियों की चेतावनी के बावजूद रमेश ध्रुव कई बार समय-सीमा की बैठकों में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे। शासन ने इसे शासकीय सेवा नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में माना है।
इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करते हुए आगे की विभागीय जांच जारी रखने के निर्देश दिए हैं।















