Thursday, October 15, 2026
Home Breaking पत्नी से संबंधों के शक में बाउंसर की बेरहमी से हत्या, आंखों...

पत्नी से संबंधों के शक में बाउंसर की बेरहमी से हत्या, आंखों में मिर्च झोंक पत्थर से कुचला सिर

106

The Duniyadari: Bilaspur- जिले के कोटा थाना क्षेत्र के पथर्रा गांव में एक युवक की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। 27 वर्षीय निखिल गोस्वामी, जो बिलासपुर के एक बार में बाउंसर के रूप में कार्यरत था, पर कथित रूप से पत्नी से संबंधों के शक में हमला किया गया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला और फिर पत्थर से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब निखिल अपने दो साथियों के साथ अमने मोड़ के पास बैठा था। इसी दौरान बाइक सवार कुछ युवक वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, निखिल और एक युवक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद हिंसक हो गया।

आरोप है कि भोला मानिकपुरी और उसके साथियों ने योजनाबद्ध तरीके से निखिल पर हमला किया। मिर्च पाउडर फेंकने के बाद आरोपियों ने भारी पत्थर से उसके सिर और शरीर पर कई वार किए। हमले में गंभीर रूप से घायल निखिल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी को अपनी पत्नी और निखिल के बीच कथित संबंधों का शक था, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव चल रहा था।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी सहित अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। साथ ही प्रेम प्रसंग, चरित्र शंका और पुरानी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।