The Duniyadari: बलरामपुर नगर पालिका में लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच राज्य शासन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) प्रणव राय का तबादला कर दिया है।
उनके खिलाफ लगातार उठ रहे आरोपों और जनप्रतिनिधियों के बढ़ते विरोध के बाद यह निर्णय लिया गया है।
दरअसल, सीएमओ प्रणव राय पर पार्षदों से अभद्र भाषा में बात करने और उन्हें धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगे थे।
मामला तब और तूल पकड़ गया, जब एक कथित फोन कॉल की रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद नगर पालिका में राजनीतिक और प्रशासनिक माहौल गरमा गया था।
भाजपा के कई पार्षदों ने खुलकर सीएमओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। पार्षदों का आरोप था कि अधिकारी का व्यवहार जनप्रतिनिधियों के प्रति सम्मानजनक नहीं था, जिससे नगर पालिका के कार्यों पर भी असर पड़ रहा था।
इस मुद्दे को लेकर पार्षदों ने कई बार उच्च अधिकारियों और शासन स्तर पर शिकायत भी दर्ज कराई थी।
लगातार बढ़ते विवाद और शिकायतों को देखते हुए राज्य शासन ने अंततः सीएमओ प्रणव राय का स्थानांतरण कर दिया।
इस फैसले के बाद नगर पालिका में चल रहा विवाद फिलहाल शांत होने की उम्मीद जताई जा रही है।















