Friday, September 18, 2026
Home Breaking नदी में दर्दनाक हादसा: भांजी को बचाने कूदा मामा, दोनों की डूबने...

नदी में दर्दनाक हादसा: भांजी को बचाने कूदा मामा, दोनों की डूबने से मौत

85

The Duniyadari: सरगुजा-  अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां मेण्ड्रा नदी में नहाने के दौरान मामा और उसकी भांजी की डूबकर मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, 12 वर्षीय सिम्मी सोनी अपने परिजनों के साथ छुट्टियां बिताने मामा के घर आई हुई थी। गर्मी से राहत पाने के लिए परिवार के लोग मेण्ड्रा नदी पहुंचे थे। नहाने के दौरान सिम्मी अनजाने में गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। यह देख उसके 45 वर्षीय मामा विनीत सोनी तुरंत उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़े।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, विनीत ने भांजी को बाहर निकालने की पूरी कोशिश की, लेकिन नदी की गहराई और बहाव के चलते दोनों ही पानी में समा गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी प्रयास के बाद दोनों के शव नदी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर इसे एक दुर्घटना माना जा रहा है।

इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी के कई हिस्सों में गहराई अधिक है, जिससे इस तरह के हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव किया जा सके।