The Duniyadari: दुर्ग। शहर में नशे से जुड़े सामान की अवैध बिक्री के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित 35 से ज्यादा टीमों ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर गांजा सेवन में इस्तेमाल होने वाले रोलिंग पेपर, चिलम, हुक्का फ्लेवर और प्रतिबंधित जर्दायुक्त पान मसाला जब्त किया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कई पान ठेलों, गुमटियों और छोटी दुकानों पर युवाओं को आकर्षित करने के लिए इस तरह का सामान खुलेआम बेचा जा रहा था। कार्रवाई के दौरान करीब 2 लाख रुपये कीमत का प्रतिबंधित सामान बरामद किया गया। शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास COTPA कानून के उल्लंघन को देखते हुए संबंधित दुकानदारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई और प्रतिबंधात्मक प्रकरण भी दर्ज किए गए।
पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा ली गई है और आने वाले दिनों में इस कड़ी से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई होगी। छापेमारी में मोहन नगर क्षेत्र से 8, स्मृतिनगर से 5, नेवई से 2 और दुर्ग क्षेत्र से 1 दुकान या ठेला चिन्हित किया गया। कुल 17 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
































