Saturday, April 11, 2026
Home Breaking नशे में वकील ने लहराए हथियार, कॉलोनी में मचा हड़कंप — वीडियो...

नशे में वकील ने लहराए हथियार, कॉलोनी में मचा हड़कंप — वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार

23

The Duniyadari: बिलासपुर में रविवार रात एक वकील की करतूत से इलाके में दहशत फैल गई। नशे में धुत वकील तलवार, फरसा और पिस्टल लहराते हुए घर के बाहर बैठा था। किसी स्थानीय व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद मामला तेजी से वायरल हो गया और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।

घटना रामावैली कॉलोनी की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 41 वर्षीय वकील अंशुमान श्रीवास्तव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने घर के बाहर शराब पीते हुए राहगीरों को डराने के लिए हथियार लहरा रहा था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

वीडियो वायरल होने के बाद चकरभाठा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। थाना प्रभारी उमेश साहू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मकान नंबर 124, ब्लॉक एल-5 को चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद आरोपी को हथियारों सहित पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 32.5 इंच की तलवार, एक पिस्टल और फरसा बरामद किया। वायरल वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया।