The Duniyadari: धमतरी- जिले के रुद्री बैराज के पास महानदी मुख्य नहर में नहाने के दौरान डूबे एक नाबालिग का शव करीब 20 घंटे बाद बरामद किया गया।
गोताखोरों की मदद से शव को नवनिर्मित पुल के नीचे से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी 16 वर्षीय समीर हसन अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ नहर में नहाने गया था।
इसी दौरान नहर पार करने की कोशिश में तीन युवक तेज बहाव में बहने लगे। इनमें से दो किसी तरह बाहर निकल आए, जबकि समीर पानी के तेज बहाव में लापता हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली। शनिवार को पानी का स्तर घटने और बहाव कम होने के बाद नवनिर्मित पुल के नीचे उसका शव फंसा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद शव को बाहर निकालकर वरदान एम्बुलेंस से जिला अस्पताल की मरचुरी भेजा गया।
अभिषेक चतुर्वेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रुद्री बैराज के पास नहर में नहाने के दौरान किशोर बह गया था, जिसका शव बरामद कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि शव पुलिस लाइन के पीछे नहर के एक कनाल के नीचे फंसा मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने नहर और बैराज क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।













