Saturday, March 21, 2026
Home कोरिया नाबालिग से गैंगरेप केस में फरार आरोपी गोरखपुर से गिरफ्तार

नाबालिग से गैंगरेप केस में फरार आरोपी गोरखपुर से गिरफ्तार

40

The Duniyadari: दुर्ग। नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के चर्चित मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को दुर्ग पुलिस ने उत्तर प्रदेश से पकड़ लिया है। पीडब्ल्यूडी में टाइमकीपर के पद पर कार्यरत राजू कश्यप उर्फ कृपा शंकर को गोरखपुर से गिरफ्तार किया गया है। उसे दुर्ग लाने के लिए पुलिस की विशेष टीम रवाना हो चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला है और नौकरी के सिलसिले में परिवार के साथ दुर्ग में रह रहा था। मामले में नाम सामने आने के बाद से ही वह फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

जांच के दौरान पता चला कि वह अपने गृह जिले में रिश्तेदारों के यहां छिपा हुआ था। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने कई टीमें बनाईं और तकनीकी मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी।

सीडीआर, मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसकी सटीक लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने गोरखपुर में दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया।

फिलहाल आरोपी को ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर दुर्ग लाया जा रहा है। यहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आरोपियों की जांच भी जारी है, ताकि पूरे घटनाक्रम की परतें खोली जा सकें।