The Duniyadari: Bilaspur- सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा में नाली में पेशाब करने जैसी मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी मारपीट में बदल गया।
करीब 10 लोगों के समूह ने युवक और बीच-बचाव करने आए 4 लोगों पर चाकू, डंडे और मुक्कों से जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि 7 नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया है।
प्रभात चौक निवासी सनत सारथी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 अप्रैल की रात करीब 12 बजे वह खाना खाकर टहल रहा था। तभी वक्किी अहिरवार अपने साथियों के साथ पहुंचा और नाली में पेशाब करने की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर सभी ने मिलकर जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। हमले में सनत के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोट आई।
शोर सुनकर बचाने आए रेखा सारथी, बेटू विश्वकर्मा, सोनी सिंह ठाकुर और तिलक दास मानिकपुरी पर भी आरोपियों ने हमला बोल दिया। चारों को भी काफी चोटें आई हैं। सभी घायलों का सिम्स में इलाज चल रहा है।
सरकंडा पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो 15 से ज्यादा लोग चेहरा ढंककर मारपीट करते दिखे। फुटेज और मुखबिर की मदद से 10 आरोपियों की पहचान हुई। पकड़े गए आरोपियों में शैलेन्द्र रावत उर्फ बांडिया 22 साल, दीपक निषाद उर्फ बुटु 21 साल और दुर्गेश अहिरवार उर्फ सीनातान 19 साल शामिल हैं। बाकी 7 आरोपी नाबालिग हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू और डंडे बरामद कर लिए हैं। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। टीआई ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कॉलोनी में तनाव के चलते पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।















