Sunday, May 24, 2026
Home Breaking पार्क के पीछे मिला युवक का शव, गर्मी और शराब सेवन को...

पार्क के पीछे मिला युवक का शव, गर्मी और शराब सेवन को लेकर जांच में जुटी पुलिस

9
Oplus_16908288

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा जिले के कोटमीसोनार क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब क्रोकोडायल पार्क के पीछे नहर किनारे एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान ठडगा बहरा निवासी 35 वर्षीय लक्ष्मी नारायण ओगरे के रूप में की गई है।

पुलिस को घटनास्थल से महुआ शराब से भरा एक थैला मिला है, जिसके बाद शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत भीषण गर्मी या अत्यधिक शराब सेवन के कारण हुई हो सकती है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

ग्रामीणों ने नहर किनारे शव पड़े होने की सूचना कोटमीसोनार पुलिस सहायता केंद्र को दी थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आसपास की परिस्थितियों की जांच की। पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी गई। मृतक की मां ने बताया कि लक्ष्मी नारायण दो दिन पहले बिलासपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

बताया जा रहा है कि मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।