Friday, March 13, 2026
Home Breaking पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त आज जारी, करोड़ों किसानों के खातों...

पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त आज जारी, करोड़ों किसानों के खातों में पहुंचेगी राशि

8

The Duniyadari: दिल्ली- केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी किसान कल्याण योजना प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त आज जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के गुवाहाटी से इस किस्त का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान देशभर के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।

सरकार की इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में दी जाती है। 22वीं किस्त जारी होने के साथ ही करोड़ों किसानों को खेती से जुड़ी जरूरतों जैसे बीज, खाद और अन्य कृषि संसाधन खरीदने में राहत मिलेगी।

इससे पहले योजना की 21वीं किस्त 19 नवंबर 2025 को कोयंबटूर में आयोजित कार्यक्रम में जारी की गई थी। उस समय देश के 9 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की गई थी। वहीं अगस्त 2025 में जारी 20वीं किस्त में लगभग 9.8 करोड़ किसानों को लाभ मिला था, जिनमें करीब 2.4 करोड़ महिला किसान भी शामिल थीं।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है, ताकि वे खेती के लिए जरूरी संसाधन आसानी से खरीद सकें और उन्हें अनौपचारिक कर्ज पर निर्भर न रहना पड़े।

सरकार ने योजना को अधिक पारदर्शी और आसान बनाने के लिए डिजिटल सिस्टम को भी मजबूत किया है। फरवरी 2020 में लॉन्च किया गया PM‑Kisan Mobile App किसानों को खुद रजिस्ट्रेशन करने, किस्त की स्थिति देखने और ई-केवाईसी पूरा करने की सुविधा देता है।

गौरतलब है कि 24 फरवरी 2026 को इस योजना के सात साल पूरे हो गए। इस मौके पर योजना से जुड़े आंकड़े और उपलब्धियां आधिकारिक पीएम-किसान सोशल मीडिया हैंडल के जरिए साझा की गईं। सरकार का दावा है कि इस योजना के जरिए अब तक देश के करोड़ों किसानों को आर्थिक सहायता मिल चुकी है।