Thursday, September 24, 2026
Home राजनांदगाँव फेसबुक की दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता, शादी का वादा कर युवती...

फेसबुक की दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता, शादी का वादा कर युवती से संबंध; इनकार के बाद आरोपी गिरफ्तार

6

The Duniyadari: राजनांदगांव। सोशल मीडिया पर हुई पहचान के बाद शादी का भरोसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में विवाह से मुकरने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद डोंगरगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान रोशन सोमुनिया (32) के रूप में हुई है। वह बल्लारपुर, जिला चंद्रपुर, महाराष्ट्र का रहने वाला बताया गया है।

बताया गया कि वर्ष 2025 में फेसबुक के जरिए आरोपी और युवती के बीच बातचीत शुरू हुई थी। दोनों के बीच लगातार संपर्क बढ़ा और इसी दौरान आरोपी ने युवती के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा। युवती की सहमति के बाद दोनों की बातचीत आगे बढ़ती रही।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवती को डोंगरगढ़ मिलने के लिए बुलाया था। 30 नवंबर 2025 को दोनों की मुलाकात हुई। इसके बाद वे रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में ठहरे। युवती ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिया था, जिसके आधार पर दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। दोनों कुछ दिनों तक डोंगरगढ़ में साथ रहे और अलग-अलग होटलों में ठहरे।

इसके बाद भी दोनों के बीच फोन पर बातचीत जारी रही। आरोपी ने युवती के परिवार से भी संपर्क किया और शादी के लिए अपने परिजनों को साथ लाने की बात कही थी। हालांकि, पुलिस के अनुसार 20 अप्रैल 2026 को आरोपी ने फोन कर विवाह करने से साफ इनकार कर दिया और युवती से अपने परिवार की पसंद के अनुसार शादी करने की बात कही।

इसके बाद युवती ने मामले की शिकायत डोंगरगढ़ थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 365/2026 दर्ज करते हुए धारा 69 बीएनएस के तहत जांच शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।