The Duniyadari: Bilaspur– तारबाहर और सिरगिट्टी इलाके में दहशत फैलाने वाले शातिर बदमाश प्रियांशु बक्सेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ने के दौरान भागने की कोशिश में वह गिर पड़ा और उसके पैर-घुटने में गंभीर चोट आई। चलने में असमर्थ आरोपी को पुलिस ने मानवता दिखाते हुए व्हीलचेयर से अस्पताल पहुंचाया और मुलाहिजा कराया।
*शराब के लिए पैसे न देने पर किया था हमला*
घटना 12 मई की रात की है। बापू नगर निवासी 29 वर्षीय अमन चौहान से आरोपी प्रियांशु ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। अमन के मना करने पर गाली-गलौज करते हुए नुकीली चीज से हमला कर दिया और फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू की।
*संयुक्त टीम ने मारा छापा, गिरकर हुआ घायल*
SSP रजनेश सिंह के निर्देश पर तारबाहर, सिरगिट्टी थाना और ACCU की संयुक्त टीम ने देर रात आरोपी के ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस को देखकर प्रियांशु भागने लगा और असंतुलित होकर गिर पड़ा। चोट के कारण वह चल नहीं पा रहा था, जिसके बाद पुलिस ने व्हीलचेयर की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया।
*आदतन बदमाश है आरोपी*
जांच में सामने आया कि प्रियांशु आदतन अपराधी है। उसने पहले खुदीराम बोस चौक के पास शेख समीर नाम के युवक पर हमला किया था। सिरगिट्टी क्षेत्र में अपने सगे जीजा के साथ भी बेरहमी से मारपीट कर चुका है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज हैं।















