The Duniyadari: *बम निरोधक दस्ते ने चलाया सर्च ऑपरेशन*
शिमला– जिला शिमला के भराड़ी रोड के पास एक पोस्टर मिलने से मंगलवार को अफरा-तफरी मच गई। अज्ञात पोस्टर में रोहड़ू स्थित अदालत परिसर और एसडीएम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया।
जिला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रोहड़ू कोर्ट और एसडीएम कार्यालय को खाली करा लिया। कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। परिसर में खड़े सभी वाहनों को भी हटाया गया। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया और भारी फोर्स तैनात कर दी गई।
घटना की गंभीरता देखते हुए बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञ टीम ने कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके की गहन तलाशी ली। हालांकि शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन एहतियातन सर्च ऑपरेशन जारी है।
सदर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पोस्टर लगाने वालों की पहचान के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
जिला पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि हालात पूरी तरह काबू में हैं और सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम कर लिए गए हैं। साथ ही अफवाहों से बचने की सलाह दी गई है।















