The Duniyadari: गरियाबंद जिले के उदंती अभ्यारण क्षेत्र से सोमवार को तनावपूर्ण स्थिति की खबर सामने आई। कोर जोन में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हमला कर दिया। इस दौरान उपनिदेशक वरुण जैन के साथ धक्का-मुक्की की घटना भी हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मामला सीतानदी रेंज के जैतपुरी गांव का बताया जा रहा है। वन विभाग की टीम लंबे समय से अभ्यारण क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चला रही है। विभागीय जानकारी के अनुसार, जैतपुरी गांव के 166 परिवारों के मुखियाओं पर वन भूमि पर अतिक्रमण करने के आरोप में वन अपराध के प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इसी कार्रवाई के तहत सोमवार को विभागीय अमला मौके पर पहुंचा था।
कार्रवाई शुरू होते ही ग्रामीणों और वन अमले के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ लोगों ने अधिकारियों को घेरकर विरोध शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है और वन अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की की जा रही है।
स्थिति बिगड़ने पर वन विभाग ने तत्काल पुलिस सहायता मांगी, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि अभ्यारण क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।















