Monday, May 18, 2026
Home Breaking रेलवे में 6565 तकनीशियन पदों पर भर्ती, युवाओं के लिए बड़ा मौका

रेलवे में 6565 तकनीशियन पदों पर भर्ती, युवाओं के लिए बड़ा मौका

9

The Duniyadari: भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर सामने आई है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने तकनीशियन के हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 6,565 रिक्त पदों को भरा जाएगा, जिसके लिए जल्द ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।

आरआरबी द्वारा जारी संक्षिप्त सूचना के अनुसार, भर्ती में तकनीशियन ग्रेड-I सिग्नल के 323 पद और तकनीशियन ग्रेड-III के 6,242 पद शामिल किए गए हैं। उम्मीदवार 30 जून से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 29 जुलाई निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा।

आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष तय की गई है। वहीं तकनीशियन ग्रेड-I सिग्नल पद के लिए अधिकतम आयु 33 वर्ष और तकनीशियन ग्रेड-III पद के लिए 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट भी मिलेगी।

भर्ती के तहत चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन दिया जाएगा। तकनीशियन ग्रेड-I सिग्नल पद पर चयनित अभ्यर्थियों को सातवें वेतन आयोग के तहत लेवल-5 के अनुसार 29,200 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। वहीं तकनीशियन ग्रेड-III के लिए लेवल-2 के तहत 19,900 रुपये मासिक वेतन निर्धारित किया गया है।

रेलवे भर्ती बोर्ड ने बताया है कि विस्तृत नोटिफिकेशन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले जारी किया जाएगा, जिसमें शैक्षणिक योग्यता, चयन प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध रहेगी।