The Duniyadari: Raipur– राजधानी में मूसलाधार बारिश के दौरान लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आया है। आजाद चौक थाना क्षेत्र स्थित अनुपम गार्डन के पास एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर चल रहे दोपहिया वाहन चालकों की जान जोखिम में डाल दी। इस दौरान एक बाइक को टक्कर मारने के बाद चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के कारण सड़क पर दृश्यता कम थी, लेकिन इसके बावजूद कार चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। उसकी लापरवाही से कई बाइक और मोपेड सवार बाल-बाल बच गए। हालांकि, सरायपाली निवासी छात्र सागर नायक की बाइक उसकी चपेट में आ गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया गया कि हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर डंगनिया की ओर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पीड़ित युवक से जानकारी लेने के बाद उसे थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बड़े हादसों को न्योता देता है। ऐसे मामलों में नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की जाएगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार कार चालक की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही लोगों से बारिश के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की गई है।













