The Duniyadari: अंबिकापुर में बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है। बुधवार शाम तेज बारिश और बिजली गुल होने के दौरान 11 अपचारी बालक सुरक्षा घेरे को धता बताते हुए संस्थान से फरार हो गए। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, बालकों ने पहले एक खिड़की को क्षतिग्रस्त किया और फिर पीछे की दीवार पार कर परिसर से बाहर निकल गए। घटना ऐसे समय हुई जब मौसम खराब होने के कारण परिसर में दृश्यता कम थी। माना जा रहा है कि बालकों ने पहले से स्थिति का आकलन कर रखा था और मौके का फायदा उठाकर भागने की योजना को अंजाम दिया।
घटना के समय मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा कर्मी मौजूद थे, लेकिन इसके बावजूद इतनी बड़ी संख्या में अपचारी बालकों का एक साथ फरार होना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों की ओर इशारा करता है। सूचना मिलते ही संप्रेक्षण गृह प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को अवगत कराया।
गांधीनगर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। फरार बालकों की तलाश में शहर के प्रमुख स्थानों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सघन अभियान चलाया जा रहा है। संभावित ठिकानों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस घटना के बाद संप्रेक्षण गृह प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के संकेत दिए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि चूक कहां और किस स्तर पर हुई। फिलहाल पुलिस फरार बालकों की जल्द तलाश कर उन्हें वापस लाने के प्रयास में जुटी हुई है।















