The Duniyadari: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायिक राजधानी से इस समय एक बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से कड़ा कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया और पूरे परिसर की गहन जांच शुरू कर दी गई।
एहतियात के तौर पर अदालत परिसर में आने-जाने वालों की सख्त जांच की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रदेश के विभिन्न जिलों की अदालतों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। इनमें राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा और जगदलपुर के जिला न्यायालय शामिल रहे हैं। हालांकि पूर्व में मिली धमकियां जांच के बाद अफवाह साबित हुई थीं।
फिलहाल हाईकोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान जारी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
































