Friday, August 28, 2026
Home बिलासपुर बिलासा एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त फटा विमान का पहिया, 60 यात्रियों...

बिलासा एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त फटा विमान का पहिया, 60 यात्रियों की सांसें अटकीं

5

The Duniyadari: बिलासपुर। बिलासा एयरपोर्ट पर शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से पहुंची एलाइंस एयर की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान तकनीकी समस्या का शिकार हो गई। विमान के दाहिने हिस्से का एक पहिया अचानक फट गया। घटना के दौरान पहिए में आग लगने की भी बात सामने आई, जिससे विमान में बैठे यात्रियों के बीच डर का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से विमान ने सुबह करीब 10:55 बजे उड़ान भरी थी। लगभग ढाई घंटे की यात्रा पूरी करने के बाद विमान बिलासपुर एयरपोर्ट पर उतर रहा था। इसी दौरान रनवे पर पहुंचते ही उसके दाहिने पहिए में खराबी आ गई। पहिया फटने के बाद विमान कुछ दूरी तक रनवे पर घिसटता हुआ आगे बढ़ा।

स्थिति बिगड़ने के बावजूद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को नियंत्रित कर लिया। इसके बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने भी तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय कर दी। विमान में करीब 60 यात्री सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

प्रयागराज जाने वाली उड़ान भी हुई रद्द

घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। पहिया किस वजह से फटा और उसमें आग लगने की स्थिति कैसे बनी, इसका स्पष्ट कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।

हादसे के कारण क्षतिग्रस्त विमान की प्रयागराज के लिए आगे की उड़ान रद्द कर दी गई है। घटना ने एयरपोर्ट पर विमान की लैंडिंग के दौरान तकनीकी सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।