Wednesday, October 28, 2026
Home बीजापुर बीजापुर में दर्दनाक नाव हादसा, इंद्रावती नदी में चार लोग लापता

बीजापुर में दर्दनाक नाव हादसा, इंद्रावती नदी में चार लोग लापता

101

The Duniyadari : बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ क्षेत्र में बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। ग्राम उसपरी के समीप इंद्रावती नदी पार करते समय एक नाव अचानक संतुलन खो बैठी और पलट गई। नाव में सवार छह ग्रामीणों में से दो लोगों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन चार लोग नदी की तेज धार में बह गए।

बताया जा रहा है कि यह सभी ग्रामीण बाजार से लौट रहे थे। नदी के बीच पहुंचते ही तेज बहाव के कारण नाव डगमगाने लगी और कुछ ही पलों में पलट गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दो लोगों की जान बचा ली।

लापता लोगों में दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। शाम का समय होने और अंधेरा बढ़ने से राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी आई। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया।

खोज अभियान जारी

भैरमगढ़ के एसडीएम प्रकाश सर्वे ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों से सूचना मिलते ही खोजबीन शुरू कर दी गई थी। अंधेरे के कारण रात में सीमित सफलता मिली है। गुरुवार सुबह से सर्च ऑपरेशन को और तेज किया जाएगा।

लगातार हो रहे हादसे, फिर भी नहीं निकला हल

इंद्रावती नदी में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। सुरक्षित पुल या वैकल्पिक साधन न होने के कारण कई गांवों के लोग रोजमर्रा के कामों के लिए जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं। बार-बार हो रहे हादसे प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।