The Duniyadari: रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) ने प्रतियोगी परीक्षाओं के समय में बदलाव करने का फैसला लिया है। अब आगामी सभी परीक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएंगी। पहले परीक्षाओं का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक निर्धारित था।
व्यापमं ने यह निर्णय परीक्षार्थियों को तेज गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से लिया है। साथ ही दोपहर की पाली को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है, ताकि अभ्यर्थियों को लू और गर्मी से होने वाली परेशानी से बचाया जा सके।
हालांकि, रविवार 19 अप्रैल को आयोजित परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा पहले से तय समय के अनुसार सुबह 11 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक ही आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के बाद नई समय-सारिणी लागू कर दी जाएगी।
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। परीक्षार्थियों को हल्के रंग की आधी बांह की शर्ट और स्लीपर पहनना अनिवार्य किया गया है। वहीं महिला अभ्यर्थियों को कान के आभूषण जैसे झुमके पहनने की अनुमति नहीं होगी, लेकिन मंगलसूत्र सहित गले के आभूषण पहनने की छूट दी गई है।















