Friday, April 17, 2026
Home Breaking भीषण गर्मी से राहत: दोपहर 12 से 4 बजे तक बंद रहेंगे...

भीषण गर्मी से राहत: दोपहर 12 से 4 बजे तक बंद रहेंगे ट्रैफिक सिग्नल

8

The Duniyadari: Bilaspur- न्यायधानी बिलासपुर में लगातार बढ़ती गर्मी और तेज लू ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर निकलना लोगों के लिए चुनौती बन गया है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को चिलचिलाती धूप में ट्रैफिक सिग्नल पर खड़े रहने के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे हालात को देखते हुए बिलासपुर यातायात पुलिस ने राहत भरा फैसला लिया है।

यातायात पुलिस के अनुसार शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल अस्थायी रूप से बंद रखे जाएंगे। यातायात एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि भीषण गर्मी के दौरान लाल बत्ती पर खड़े रहने से लोगों को लू लगने, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। बुजुर्ग, बच्चे, महिलाएं और दिव्यांगजन इस स्थिति से सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं।

उन्होंने बताया कि सिग्नल बंद रहने के बावजूद यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस जवान तैनात रहेंगे। पुलिसकर्मी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करते हुए सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करेंगे।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सिग्नल बंद होने के दौरान वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं और गति पर नियंत्रण रखें। नियमों की अनदेखी और तेज रफ्तार दुर्घटनाओं को जन्म दे सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारी से वाहन चलाएं।