Monday, August 31, 2026
Home Breaking भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, महिला...

भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, महिला सहित दो की मौत, एक गंभीर

100

The Duniyadari: रायगढ़- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। पूंजीपथरा-घरघोड़ा मार्ग पर अमलीडीही गांव के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे व्यक्ति को गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रेलर सड़क किनारे खेत में जा घुसा। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही घरघोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।