Saturday, March 14, 2026
Home बलरामपुर भैंसामुंडा जंगल में बाघ की रहस्यमयी मौत, वन विभाग में मचा हड़कंप

भैंसामुंडा जंगल में बाघ की रहस्यमयी मौत, वन विभाग में मचा हड़कंप

394

The Duniyadari : बलरामपुर। सूरजपुर जिले से सटे वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र के भैंसामुंडा इलाके में जंगल के भीतर एक बाघ का शव मिलने से वन विभाग में अफरा-तफरी मच गई है। सूचना मिलते ही वन अमले की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी गई।

शुरुआती निरीक्षण में बाघ के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे उसकी मौत को लेकर संदेह और गहराता जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि बाघ पर किसी तरह का हमला हुआ हो सकता है। फिलहाल शव की विधिवत जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी चल रही है, ताकि मौत के सही कारण सामने आ सकें।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ वन अधिकारियों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। आसपास के जंगलों में निगरानी बढ़ा दी गई है और स्थानीय ग्रामीणों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

इस संबंध में जिला वन मंडल अधिकारी आलोक बाजपेई ने बताया कि घटनास्थल सूरजपुर जिले के अंतर्गत आने वाला सरहदी वन क्षेत्र है, जहां बाघ जैसे संरक्षित वन्यप्राणियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी होती है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और उच्च स्तर के अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं। बाघ की संदिग्ध मौत ने वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।