Monday, July 6, 2026
Home Breaking मछली पकड़ते समय युवक नदी में बहा, रेस्क्यू अभियान जारी…

मछली पकड़ते समय युवक नदी में बहा, रेस्क्यू अभियान जारी…

8

The Duniyadari: महासमुंद– जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र स्थित गोपालपुरा एनीकट में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। मछली पकड़ने के दौरान 21 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, गोपालपुर निवासी रामेश्वर निषाद सोमवार दोपहर एनीकट में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान अचानक पानी का तेज बहाव उसे अपनी चपेट में ले गया और देखते ही देखते वह नदी में बह गया।

मौके पर मौजूद तिरथ निषाद ने लकड़ी के सहारे उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की तेज धारा के आगे प्रयास सफल नहीं हो सका। घटना की सूचना मिलते ही तुमगांव थाना पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि नदी में पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण सुरक्षा कारणों से बचाव दल तत्काल नदी में नहीं उतर सका। स्थिति का आकलन करने के बाद युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है।

परिजनों ने बताया कि रामेश्वर निषाद का विवाह इसी वर्ष फरवरी में हुआ था। वह सात भाई-बहनों के परिवार में छठे नंबर पर था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि प्रशासन और पुलिस की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।